बिलासपुर में कोका-कोला प्लांट पर आयकर विभाग का छापा, टैक्स चोरी के इनपुट पर बड़ी कार्रवाई

कोका-कोला प्लांट पर आयकर विभाग का छापा

कोका-कोला प्लांट पर आयकर विभाग का छापा

बिलासपुर में आयकर विभाग ने बड़ी छापामार कार्रवाई की है। सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित नर्मदा कोल ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री पर शुक्रवार तड़के आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी। यह कंपनी कोका-कोला ब्रांड के पेय पदार्थों का निर्माण करती है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और टैक्स चोरी से जुड़े गंभीर इनपुट के आधार पर की गई है। आयकर अधिकारियों ने फैक्ट्री परिसर में मौजूद दस्तावेजों को जब्त कर उनकी गहन जांच शुरू कर दी है। कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ भी जारी है।

देशभर में जुड़े ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सिर्फ बिलासपुर तक सीमित नहीं है। कंपनी से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी एक साथ आयकर विभाग की टीमें सक्रिय हैं।
सूत्रों के मुताबिक—

रायपुर डिपो

उदयपुर बेवरेज, जबलपुर

सुपीरियर ड्रिंक्स, नागपुर

इन सभी स्थानों पर भी आयकर विभाग की जांच चल रही है।

दिल्ली में हेड ऑफिस, बिलासपुर से संचालन

नर्मदा कोल ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड का मुख्य कार्यालय दिल्ली में स्थित है। कंपनी के मालिक प्रदीप अग्रवाल बताए जा रहे हैं, जबकि बिलासपुर यूनिट का संचालन नवनीत अग्रवाल देख रहे हैं। आयकर विभाग आय, निवेश और लेन-देन से जुड़े सभी दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रहा है।

फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा कड़ी

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए फैक्ट्री के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बीच जांच प्रक्रिया लगातार जारी है। फिलहाल आयकर विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही आधिकारिक बयान आने की संभावना है।

 

 

Youthwings