मुंबई में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का स्लैब गिरा, ऑटो चकनाचूर, कई लोग घायल
मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया। मुलुंड पश्चिम स्थित एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का एक हिस्सा अचानक गिर गया। यह दुर्घटना जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास दोपहर करीब 12:20 बजे हुई, जब पिलर का सीमेंट स्लैब नीचे से गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा पर आ गिरा।
ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त, कई घायल
सीमेंट स्लैब के सीधे ऑटो रिक्शा पर गिरने से वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के वक्त ऑटो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार ऑटो में सवार तीन से चार लोग इस दुर्घटना में जख्मी हुए हैं। वहीं, एक कार के भी इस हादसे की चपेट में आने की सूचना है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते सड़क पर मलबा फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, वार्ड अधिकारी और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बीएमसी ने दी जानकारी, जांच शुरू
बीएमसी के अनुसार, मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान पिलर का सीमेंट हिस्सा टूटकर नीचे गिरा, जिससे यह हादसा हुआ। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्लैब सीधे ऑटो रिक्शा पर गिरा, जिससे नुकसान ज्यादा हुआ।
इलाके की घेराबंदी, ट्रैफिक डायवर्ट
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास का इलाका घेर लिया है और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है। मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव किया जा सके।
