15वें वित्त की राशि रोके जाने पर सरपंचों का हंगामा, जनपद कार्यालय में जड़ा ताला
डोंगरगढ़। 15वें वित्त आयोग की राशि जारी नहीं होने से नाराज डोंगरगढ़ जनपद पंचायत के दर्जनों सरपंचों ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित सरपंचों ने सामूहिक रूप से जनपद पंचायत कार्यालय में ताला जड़ दिया, जिससे प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह ठप हो गया और परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
सरपंचों का कहना है कि लंबे समय से 15वें वित्त की राशि जारी नहीं की गई है, जिसके चलते गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी विकास कार्य ठप पड़े हैं। कई पंचायतों में स्वीकृत योजनाएं कागजों तक सीमित हैं और ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
जनपद कार्यालय में ताला जड़ने के बाद लगभग 60 से 70 सरपंच एकजुट होकर डोंगरगढ़ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एसडीएम एम. भार्गव से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। फिलहाल प्रशासन और सरपंचों के बीच बैठक जारी है, जिसमें समाधान निकालने पर चर्चा की जा रही है।
स्थिति को देखते हुए एसडीएम कार्यालय परिसर में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि, प्रदर्शन अब तक शांतिपूर्ण बना हुआ है। सरपंचों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र राशि जारी नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा जनपद स्तर पर शासकीय कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा।
