सामूहिक विवाह में शामिल होने जा रहे 54 जोड़ों की बस गड्ढे में गिरी, सभी घायल

मनेन्द्रगढ़। जनकपुर से रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जा रही दुर्गा बस मंगलवार को भीषण हादसे का शिकार हो गई। बस पोड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागपुर रेलवे स्टेशन के पास सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। हादसे के समय बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे करीब 54 जोड़े सवार थे। इस हादसे में बस में बैठे सभी यात्री घायल हो गए।

 

घायलों को तत्काल नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई, हालांकि कई जोड़ों को गंभीर चोटें आई हैं।

 

जानकारी के अनुसार, बस तेज रफ्तार में चल रही थी। नागपुर रेलवे स्टेशन के पास बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

 

घटना की सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक-कंडक्टर की तलाश कर रही है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर गड्ढे को मुख्य कारण बताया जा रहा है।

 

यह हादसा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत यात्रा कर रहे जोड़ों के साथ होने से प्रशासनिक तैयारियों और परिवहन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने बस के मालिक और चालक के खिलाफ उचित धाराओं में कार्रवाई करने की बात कही है।

Youthwings