रायगढ़ के खरसिया स्थित मंगल कार्बन प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट, 9 माह के शिशु समेत 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में गुरुवार को टायर रिसाइक्लिंग के दौरान बॉयलर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तीव्र था कि उसकी आवाज दूर तक सुनी गई। हादसे में 9 माह के शिशु सहित 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टायर गलाने की प्रक्रिया के दौरान अचानक हुए ब्लास्ट से निकली गर्म गैस और आग की लपटों ने पास में काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोग संभल पाते, उससे पहले कई मजदूर बुरी तरह झुलस चुके थे।
अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, कई मजदूर 70 से 80 प्रतिशत तक झुलसे हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। 9 माह के शिशु की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है।
तकनीकी खामी की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लांट में पुराने टायरों को गलाकर कार्बन बनाने का काम चल रहा था। आशंका है कि बॉयलर के भीतर दबाव बढ़ने या किसी तकनीकी खराबी के कारण विस्फोट हुआ। पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है।
सुरक्षा मानकों पर सवाल
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यह भी जांच का विषय है कि प्लांट में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं, और प्लांट परिसर में 9 माह का शिशु कैसे मौजूद था।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्लांट को सील कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा है कि यदि जांच में लापरवाही सामने आती है, तो प्लांट प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
