Raipur Nagar Nigam में जोन अध्यक्ष की जगह पति ने ली बैठक, जल संकट की मीटिंग पर उठा सवाल

Raipur Nagar Nigam के जोन क्रमांक-3 में जल समस्या को लेकर आयोजित बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब जोन अध्यक्ष की जगह उनके पति बैठक की कार्यवाही संचालित करते नजर आए। इस घटना के सामने आने के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक मर्यादा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, जोन-3 क्षेत्र में जल संकट को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में एक अहम बैठक आयोजित की गई थी। औपचारिक रूप से जोन अध्यक्ष साधना साहू इस बैठक की अध्यक्ष थीं, लेकिन बैठक की कमान उनके पति और पूर्व पार्षद प्रमोद साहू संभालते दिखाई दिए। बैठक के दौरान साधना साहू और एमआईसी सदस्य बगल में बैठे रहे, जबकि निर्णय और चर्चा का संचालन प्रमोद साहू द्वारा किया गया।

जोन संचालन को लेकर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि जोन क्षेत्र के कई इलाकों में अब भी पूर्व पार्षद प्रमोद साहू के नाम के बोर्ड लगे हुए हैं, जबकि वर्तमान में जोन अध्यक्ष उनकी पत्नी हैं। इस स्थिति ने यह बहस तेज कर दी है कि वास्तविक रूप से जोन का प्रशासनिक संचालन कौन कर रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने जताई कड़ी आपत्ति

इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में लोकतांत्रिक व्यवस्था और पद की गरिमा का उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका स्पष्ट होनी चाहिए और किसी भी प्रकार का “पर्दे के पीछे से संचालन” लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।

गौरतलब है कि प्रमोद साहू पहले पार्षद और जोन अध्यक्ष रह चुके हैं। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर नगर निगम और स्थानीय राजनीति में चर्चा तेज हो गई है।

Youthwings