हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल – आरटीओ घेराव, CM हाउस घेरने की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) लगाने में आ रही अव्यवस्था और आम जनता की परेशानी को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। राजधानी रायपुर के बीरगांव स्थित आरटीओ कार्यालय का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेराव किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस ने मांग की कि HSRP लगाने की समय सीमा को बढ़ाया जाए और जिन वाहनों में नंबर प्लेट नहीं लग पाई है, उन पर फिलहाल चालानी कार्रवाई रोकी जाए। मांगें नहीं माने जाने की स्थिति में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की चेतावनी दी है।

“जनता को कर रहे परेशान, भाजपा सरकार कर रही मनमानी”

इस प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने किया। कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि आम जनता को नई नंबर प्लेट लगवाने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। अपॉइंटमेंट मिलने के बावजूद घंटों लंबा इंतजार करवाया जा रहा है, और कई बार गलत नंबर के स्टीकर भी चिपका दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद लोगों पर चालान की कार्रवाई की जा रही है, जो पूरी तरह से अन्याय है।

विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल आम लोगों को परेशान करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा, “नंबर प्लेट के नाम पर अव्यवस्था फैलाई जा रही है और इसके पीछे बड़े स्तर पर घोटाले की बू आ रही है। कुछ केंद्रों पर अतिरिक्त पैसे भी वसूले जा रहे हैं, जो पूरी तरह से अनुचित है।”

“केवल 10% काम हुआ, फिर भी चालान क्यों?”

कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने खुलासा किया कि पूरे प्रदेश में करीब 40 लाख वाहनों में नई हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाई जानी है, जिनमें से अकेले रायपुर जिले में 10 लाख वाहन शामिल हैं। लेकिन अब तक केवल 10% काम ही पूरा हो पाया है। इसके बावजूद सरकार ने ट्रैफिक पुलिस को चालान काटने के आदेश दे दिए हैं। शर्मा ने कहा, “जब सरकार खुद प्लेट नहीं लगवा पा रही, तो जनता को क्यों सजा दी जा रही है?”

उन्होंने यह भी कहा कि नंबर प्लेट लगाने वाले केंद्रों पर कवर और ब्रेकेट की बिक्री बंद होनी चाहिए और वाहन मालिकों के साथ किए जा रहे अपमानजनक व्यवहार पर भी रोक लगाई जाए। इसके अलावा, नंबर प्लेट लगवाने वाले हर केंद्र पर एक सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का आरोप

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि HSRP लगाने की पूरी प्रक्रिया अव्यवस्थित और भ्रष्टाचार से भरी हुई है। नंबर प्लेट के लिए दी गई तारीख पर भी प्लेट नहीं मिल रही है और लोगों को दोबारा लाइन में लगना पड़ रहा है। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस चालान कर रही है, जिससे लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

पूर्व में भी कांग्रेस नेताओं ने ट्रांसपोर्ट कमिश्नर एस प्रकाश से मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाया था, लेकिन सरकार ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ, तो मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।

प्रदर्शन में जुटे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता

इस विरोध प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, नेता पंकज शर्मा, बीरगांव महापौर नंदलाल देवांगन, सभापति कृपाराम निषाद, ब्लॉक अध्यक्ष योगेन्द्र सोलंकी, मोहम्मद सिद्धिक, बैसाखू सागर, पार्षद मोहम्मद रियाज, आशीष दुबे, चांद अहमद, चंदन पाल, रूकुमलाल वर्मा, कमलाकांत शुक्ला, सोमेन चटर्जी, मनोज सोनकर, दिलीप गुप्ता, सुरेश बाफना, राजेंद्र जैन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।

Youthwings