BJP का बड़ा एक्शन : दो विधायकों को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित, इस वजह से हुई कार्रवाई
कर्नाटक: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कर्नाटक के दो विधायकों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी की केंद्रीय अनुशासन समिति द्वारा मंगलवार को यह निर्णय लिया गया। एसटी सोमशेखर और शिवराम हेब्बार नामक इन दोनों विधायकों पर हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में पार्टी लाइन से हटकर काम करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
किस वजह से हुई कार्रवाई?
एसटी सोमशेखर पर कांग्रेस के उम्मीदवार अजय माकन को वोट देने का आरोप है, जो कि बीजेपी के व्हिप के खिलाफ था। वहीं शिवराम हेब्बार मतदान वाले दिन अनुपस्थित रहे, जबकि पार्टी ने सभी विधायकों को मतदान अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया था। इन घटनाओं की वजह से BJP को राज्यसभा की एक सीट गंवानी पड़ी।
क्या कहा अनुशासन समिति ने?
BJP अनुशासन समिति के सदस्य सचिव ओम पाठक ने पत्र जारी कर कहा: “25 मार्च को भेजे गए कारण बताओ नोटिस के जवाब की समीक्षा के बाद यह पाया गया कि दोनों नेताओं ने पार्टी अनुशासन का लगातार उल्लंघन किया। अतः उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तुरंत प्रभाव से 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया जा रहा है।” अब दोनों विधायक पार्टी के किसी भी पद पर नहीं रहेंगे।
दोनों विधायक कौन हैं?
एसटी सोमशेखर, बेंगलुरु की यशवंतपुर सीट से विधायक हैं। शिवराम हेब्बार, येल्लापुर सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। गौरतलब है कि ये दोनों नेता 2019 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, जिससे राज्य में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार गिर गई थी और भाजपा सत्ता में आई थी।
