Chhattisgarh Morning News: CM साय दिनभर कार्यक्रमों में रहेंगे व्यस्त, सिरपुर महोत्सव और राजिम कुंभ कल्प का शुभारंभ, दीपक बैज ने बजट में बस्तर पैकेज की उठाई मांग
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज राजनीति, संस्कृति, धर्म और खेल से जुड़ी कई अहम गतिविधियां देखने को मिलेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर, बलौदाबाजार और महासमुंद में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे, वहीं सिरपुर महोत्सव 2026 और राजिम कुंभ कल्प 2026 का विधिवत शुभारंभ भी आज से हो रहा है।
CM विष्णुदेव साय का आज का दौरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10.45 बजे मुख्यमंत्री निवास से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के लिए रवाना होंगे। सुबह 11 बजे वे वहां केंद्रीय बजट को लेकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भाषण सुनेंगे। इसके बाद दोपहर 1.45 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से बलौदाबाजार जिले के दामाखेड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां संत समागम समारोह में शामिल होंगे।
दोपहर 3.25 बजे रायपुर वापसी के बाद शाम 4.30 बजे महासमुंद जिले के सिरपुर में सिरपुर महोत्सव 2026 का उद्घाटन करेंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम 7.30 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
सिरपुर महोत्सव 2026 का भव्य आगाज
महासमुंद जिले की ऐतिहासिक नगरी सिरपुर आज से तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव की मेजबानी करने जा रही है। 1 से 3 फरवरी तक चलने वाले सिरपुर महोत्सव 2026 में लोक कला, शास्त्रीय संगीत, सूफी और बॉलीवुड संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। देश-विदेश के कलाकार इस मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
राजिम कुंभ कल्प 2026 आज से शुरू
‘छत्तीसगढ़ के प्रयागराज’ के नाम से प्रसिद्ध राजिम में आज माघ पूर्णिमा से राजिम कुंभ कल्प 2026 का शुभारंभ हो रहा है। यह धार्मिक आयोजन 15 फरवरी महाशिवरात्रि तक चलेगा। इस वर्ष भी कुंभ कल्प का आयोजन नए मेला स्थल चौबेबांधा, राजिम में किया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
रणजी ट्रॉफी: छत्तीसगढ़ की नजर मैच ड्रॉ पर
हैदराबाद के जिमखाना ग्राउंड में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी ग्रुप-डी के मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम आज अंतिम दिन मैच ड्रॉ करने की कोशिश करेगी। हैदराबाद ने पहली पारी में 631 रन बनाकर 383 रन की बढ़त हासिल की थी। जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम दूसरी पारी में तीसरे दिन तक 100 रन बनाकर 248 रन पीछे है। अनुज तिवारी 47 और अमनदीप खरे 25 रन बनाकर नाबाद हैं।
केंद्रीय बजट में बस्तर के लिए विशेष पैकेज की मांग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार से केंद्रीय बजट में छत्तीसगढ़, विशेषकर नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के लिए विशेष पैकेज की मांग की है। उन्होंने अधूरी सड़क, रेल और स्वास्थ्य परियोजनाओं का मुद्दा उठाते हुए केंद्र पर घोषणाओं तक सीमित रहने का आरोप लगाया। साथ ही सार्वजनिक उपक्रमों में छत्तीसगढ़ के युवाओं को प्राथमिकता देने और निजीकरण पर रोक लगाने की भी मांग की।
राजधानी रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
राजधानी रायपुर में आज अध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। विभिन्न संगठनों द्वारा सम्मेलन, संगीत कार्यक्रम, युवा सम्मेलन, बुजुर्गों के लिए भोज और धार्मिक आयोजन आयोजित किए जाएंगे।
