शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पर साधा निशाना: कहा- “कांग्रेस का काम सिर्फ विरोध”
Shivraj Singh Chouhan
रायपुर। एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत ग्राम योजना (जी-राम-जी) को लेकर कांग्रेस के विरोध पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र काम विरोध करना है। गरीब, मजदूर और किसानों के लिए ये योजनाएं वरदान हैं। पहले काका-बाबा लड़ते थे, अब अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लड़ रहे हैं, जबकि कार्यकर्ता पिस रहा है।
शिवराज सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा में रोजगार की अवधि 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन कर दी है। हर पैसे का उपयोग गांव के विकास में होगा। विकसित भारत ग्राम योजना के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर प्लान बनेगा और गांव को आत्मनिर्भर व विकसित बनाने पर पूरा फोकस रहेगा।
दुर्ग में किसानों से सीधा संवाद
रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री दुर्ग के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने किसान मेले में हिस्सा लिया, ग्राम गिरहोला और खपरी में कृषि फार्म का भ्रमण किया और पौधरोपण भी किया। खेतों में जाकर किसानों से प्रगतिशील खेती के प्रयोगों पर संवाद किया। ‘यंग लीडर’ कार्यक्रम के तहत दिल्ली गए युवाओं से भी बातचीत की।
31 जनवरी को हाई लेवल बैठक
केंद्रीय मंत्री 31 जनवरी को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री रामविचार नेताम के साथ हाई लेवल बैठक करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ की कृषि कार्ययोजना केंद्र और राज्य मिलकर तैयार करेंगे। भारत सरकार की योजनाओं को छत्तीसगढ़ में बेहतर तरीके से लागू करने पर मंथन होगा।
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया
रविवार को पेश हुए केंद्रीय बजट पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है। यह बजट इसे और गति देगा।
ग्रामीण विकास में छत्तीसगढ़ की तारीफ
छत्तीसगढ़ पहुंचने पर शिवराज सिंह ने कहा कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में अद्भुत काम हुआ है। 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं और निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
