रायपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा तार-तार: मुलाकात का वीडियो हुआ वायरल, सवालों के घेरे में जेल प्रशासन

रायपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा तार-तार

रायपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा तार-तार

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सेंट्रल जेल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। इस बार मामला जेल के भीतर हुई एक मुलाकात के वीडियो से जुड़ा है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जन्मदिन पर प्रेमी से मिलने पहुंची युवती

मिली जानकारी के अनुसार, एक युवती अपने जेल में बंद प्रेमी के जन्मदिन के अवसर पर रायपुर सेंट्रल जेल पहुंची थी। मुलाकात के दौरान उसने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो में युवती यह कहते हुए नजर आ रही है कि वह अपने प्रेमी के जन्मदिन पर उससे मिलने सेंट्रल जेल आई है और इस बात का दुख जता रही है कि वह उसके साथ जन्मदिन नहीं मना पा रही।

बेखौफ होकर बनाया गया वीडियो

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मुलाकात कक्ष में कैदी और युवती बिना किसी डर के मौजूद हैं और बैकग्राउंड में फिल्मी गाना भी बज रहा है। हैरानी की बात यह है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल खुलेआम किया गया, लेकिन किसी भी स्तर पर रोक-टोक नजर नहीं आती।

जेल प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल

वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि सख्त सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बावजूद जेल के मुलाकात कक्ष तक मोबाइल फोन आखिर पहुंचा कैसे। यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी रायपुर सेंट्रल जेल के अंदर से फोटो और वीडियो सामने आ चुके हैं।

कार्रवाई होगी या मामला दब जाएगा?

अब सवाल यह उठता है कि इस गंभीर लापरवाही पर जेल प्रशासन क्या कदम उठाता है। क्या जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी या फिर इस मामले को भी पहले की तरह नजरअंदाज कर दिया जाएगा, यह देखना बाकी है।

read more :  सोना-चांदी की कीमतों पर ब्रेक, सोना 8 हजार और चांदी 15 हजार सस्ती

 

Youthwings