राजधानी में पान ठेले पर गोगो-चिलम की बिक्री, 9 दुकानें सील.. सप्लाई चेन का भी खुलासा
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट (नॉर्थ जोन) में सूखे नशे (गांजा) के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। शहर में गांजा पीने के लिए इस्तेमाल होने वाले गोगो, चिलम और रोलिंग पेपर बेचने वाले पान ठेले और गुमटियों पर पुलिस ने छापेमारी की। भारी मात्रा में रोलिंग पेपर जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने COTPA (Cigarette and Other Tobacco Products Act) के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए नॉर्थ जोन में 9 दुकानों को सील कर दिया है। ये दुकानें मुख्य रूप से शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और सार्वजनिक स्थानों पर स्थित थीं, जहां अवैध रूप से गांजा से जुड़ी सामग्री बेची जा रही थी।
सप्लाई चेन का खुलासा
पुलिस का दावा है कि जब्त सामग्री की आपूर्ति करने वाले स्रोतों (Backward Linkage) की पहचान कर ली गई है। पूछताछ में थोक विक्रेताओं और सप्लायरों के नाम सामने आए हैं। इनकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर पुलिस ने इस अभियान को “ऑपरेशन निश्चय” के तहत और तेज करने का संकल्प जताया है। नॉर्थ जोन के पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और शहर को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार छापेमारी और निगरानी जारी रहेगी।
