Ambikapur Court Bomb Threat: छत्तीसगढ़ के तीन जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, अम्बिकापुर में सबसे ज्यादा अलर्ट

Ambikapur Court Bomb Threat: छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर, राजनांदगांव और जगदलपुर स्थित जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रदेश में हड़कंप मच गया है। यह धमकियां संबंधित न्यायालयों की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजे गए मेल के जरिए दी गईं, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

अम्बिकापुर कोर्ट में हाई अलर्ट

अम्बिकापुर जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

आईजी दीपक झा ने धमकी भरे ई-मेल की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। साइबर टीम को अलर्ट कर दिया गया है और धमकी भेजने वाले की पहचान व लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच जारी है।

राजनांदगांव कोर्ट को भी धमकी

राजनांदगांव जिला न्यायालय को बम रखने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई की। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते (बम स्क्वाड) ने न्यायालय परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

जगदलपुर कोर्ट परिसर सील

जगदलपुर जिला न्यायालय को भी इसी तरह की धमकी मिली, जिसके बाद पूरे परिसर को सील कर दिया गया। मौके पर पुलिस बल के साथ बस्तर एसपी शलभ सिन्हा मौजूद हैं और सुरक्षा व जांच कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। किसी भी संदिग्ध वस्तु की जांच बारीकी से की जा रही है।

फिलहाल तीनों मामलों में जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही हैं।

Youthwings