बर्खास्त जवान की आत्महत्या की कोशिश पर कोरबा नगर सेना में आक्रोश, जिला सेनानी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
कोरबा। बर्खास्तगी से आहत नगर सेना के जवान द्वारा आत्महत्या की कोशिश के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में नगर सेना के जवान नगर सेना कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी जवान जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला सेनानी अनुज एक्का ने नगर सेना के जवान संतोष पटेल को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। इस कार्रवाई से आहत होकर संतोष पटेल ने कलेक्टोरेट परिसर में जहर का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। उसकी हालत गंभीर होने पर पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
बताया गया है कि संतोष पटेल ने जहर सेवन से पहले सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें उसने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही महिला नगर सैनिकों ने भी जिला सेनानी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदर्शन किया था।
अब इस घटना के बाद नगर सेना के जवानों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। प्रदर्शनकारी जवानों की मांग है कि बर्खास्त जवान संतोष पटेल को तत्काल बहाल किया जाए और जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। मामले को लेकर जिले में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
