रायपुर पुलिस ने 35 किलो गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को किया गिरफ्तार
रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विधानसभा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 35 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 24 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 25 जनवरी 2026 को विधानसभा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महासमुंद से रायपुर की ओर एक चारपहिया वाहन में गांजा का परिवहन किया जा रहा है। महासमुंद पुलिस द्वारा लगाई गई नाकेबंदी को तोड़कर आरोपी फरार हो गए थे। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और आमासिवनी रिंग रोड नंबर-03 स्थित ब्रिज के पास नाकेबंदी लगाई गई।
नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। कार में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्होंने पूछताछ में अपने नाम राकेश कुमार गुप्ता और अमित सिंह बताए। दोनों महाराष्ट्र के निवासी हैं।
वाहन की तलाशी में बोरियों में अलग-अलग पैकेटों में 35 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 किलो गांजा (कीमत लगभग 17.50 लाख रुपये), गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार क्रमांक MH 46 CV 2841 (कीमत लगभग 7 लाख रुपये), दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 20 हजार रुपये) जब्त किया
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधानसभा थाना में धारा 20(बी)(ii)(सी) नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट तथा 3 लोक संपत्ति का निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पता
राकेश कुमार गुप्ता (52 वर्ष), निवासी साकुर्ली, थाना ठाणे, जिला ठाणे (महाराष्ट्र)
अमित सिंह (35 वर्ष), निवासी टोंढरे, थाना देना बैंक, जिला रायगढ़ (महाराष्ट्र)
