Tejashwi Yadav बने राजद के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, पार्टी को मिला नया नेतृत्व

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए Tejashwi Yadav को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह निर्णय रविवार को पटना में आयोजित राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

बैठक में पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती समेत राजद के लगभग सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने बैठक के बाद तेजस्वी यादव के नाम की औपचारिक घोषणा की।

सर्वसम्मति से पारित हुआ प्रस्ताव

जानकारी के अनुसार, तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव भोला यादव ने रखा था, जिसे लालू प्रसाद यादव के निर्देश पर कार्यकारिणी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी यादव को अब संगठन के सभी अध्यक्षीय अधिकार सौंप दिए गए हैं। राजद नेताओं का मानना है कि तेजस्वी यादव ही पार्टी और बिहार की राजनीति का भविष्य हैं, इसी वजह से उन्हें सर्वसम्मति से यह जिम्मेदारी दी गई है। इस अवसर पर लालू प्रसाद यादव ने तेजस्वी यादव को नियुक्ति प्रमाण पत्र भी सौंपा।

नेतृत्व की दूसरी पंक्ति को मिली जिम्मेदारी

गौरतलब है कि पिछले वर्ष बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद राजद ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाने का फैसला किया था। माना जा रहा था कि इस बैठक में संगठन और नेतृत्व को लेकर अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।

वर्ष 1997 में जनता दल से अलग होकर राजद की स्थापना करने वाले लालू प्रसाद यादव लंबे समय से पार्टी के सर्वोच्च नेता बने हुए हैं। हालांकि उनकी नेतृत्व क्षमता पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी कारणों को देखते हुए पार्टी ने अब रोजमर्रा के संगठनात्मक कामकाज की जिम्मेदारी नई पीढ़ी को सौंपने का फैसला किया है।

Youthwings