Chhattisgarh Crime News: मानवता को शर्मसार करने वाली घटना, विधवा महिला को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया
Chhattisgarh Crime News: छत्तीसगढ़ के गौरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत खोडरी चौकी के रानीझाप गांव में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विधवा महिला को प्रेम संबंध के शक में उसके प्रेमी की पत्नी, साले और साले की पत्नी ने न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया और उसके शरीर पर गोबर भी लगाया।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, रानीझाप गांव की 35 वर्षीय महिला एक वर्ष पहले अपने पति की मृत्यु के बाद अकेली रह रही थी। इसी दौरान उसका गांव के ही एक शादीशुदा व्यक्ति हरि प्रसाद राठौर (35) से प्रेम संबंध बन गया। सामाजिक दबाव और लोक-लाज के डर से दोनों 29 अक्टूबर को गांव छोड़कर मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के मालाचुवा गांव में जाकर रहने लगे।
करीब तीन महीने बाद शुक्रवार को जब दोनों गांव लौटे, तो गांव में तनाव का माहौल बन गया। मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद दोनों पक्षों को खोडरी चौकी बुलाया गया। वहां महिला ने साफ तौर पर कहा कि वह हरि प्रसाद के साथ ही रहना चाहती है। इसके बाद सभी वापस गांव लौट गए।
लेकिन अगले दिन शनिवार सुबह करीब 10 बजे हरि प्रसाद की पत्नी सरोज राठौर, उसका भाई मनोज राठौर और भाई की पत्नी यशोदा राठौर, अन्य लोगों के साथ महिला के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले महिला के साथ मारपीट की, फिर उसे निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया और अमानवीय व्यवहार किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया। इसके बाद गौरेला पुलिस ने मुख्य आरोपियों सरोज राठौर, मनोज राठौर और यशोदा राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
