Raipur Auto Expo 2026: राजधानी के अपने ही विधायक-सांसद और महापौर पोस्टर से गायब, क्या वे कार्यक्रम में नहीं होंगे शामिल ?

Raipur Auto Expo 2026

Raipur Auto Expo 2026

Raipur Auto Expo 2026:  रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) के ऑटो एक्सपो 2026 की गाड़ियों से ज्यादा चर्चा इस बार पोस्टर ने छेड़ दी है। राजधानी रायपुर में 20 जनवरी से 5 फरवरी तक होने वाले इस आयोजन के पोस्टर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, दो उपमुख्यमंत्री, परिवहन और वित्त मंत्री तक नजर आ रहे हैं। लेकिन राजधानी के अपने चारों विधायक, सांसद और महापौर ऐसे गायब हैं जैसे उनका राजधानी से कोई लेना-देना ही नहीं।

सोशल मीडिया पर लोग इसे देखकर मज़े लेते हुए पूछ रहे हैं – “यह ऑटो एक्सपो है या ‘नो-एंट्री लिस्ट’ का नया संस्करण?” राजधानी में एक्सपो हो रहा है, लेकिन राजधानी के अपने प्रतिनिधियों को पोस्टर में ‘ऑप्शनल एक्सेसरी’ बना दिया गया है।

राजनीतिक व्यंग्य बना सोशल मीडिया का ट्रेंड

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स तंज कसते हुए कह रहे हैं कि शायद अब नया ट्रेंड यही है – राजधानी में कार्यक्रम, बड़े नेताओं के नाम, और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गायब उपस्थिति। कुछ लोग इसे ‘साधारण चूक’ बताने की कोशिश कर रहे हैं और कह रहे हैं कि पोस्टर में सिर्फ बड़े नामों को जगह दी गई है।

लेकिन सवाल यही है – जब आयोजन रायपुर में हो रहा है, तो रायपुर के विधायक और सांसद पोस्टर में फिट क्यों नहीं हुए? क्या वे कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे, या आयोजकों ने उन्हें अनजाने में ‘देखने वाले दर्शक’ बना दिया है?

गाड़ियों की चर्चा भी फीकी पड़ गई

Raipur Auto Expo 2026:  पोस्टर की यह ‘गायब राजनीति’ इतनी चर्चा में है कि एक्सपो की गाड़ियाँ और ऑफ़र्स अब सोशल मीडिया की खबरों में पीछे रह गए हैं। लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं कि आयोजन का डिज़ाइन या तो ’भूल’ थी या नया ट्रेंड। फिलहाल आयोजकों की ओर से कोई सफाई नहीं आई है, लेकिन पोस्टर ने यह साबित कर दिया कि रायपुर ऑटो एक्सपो में राजनीतिक चर्चा पहले ही पूरी हो चुकी है।

अब यह देखना है कि क्लोजिंग सेरेमनी में क्या विधायक-सांसद अचानक पोस्टर पर प्रकट होंगे, या इसे भी नई परंपरा मान लिया जाएगा।

read more : मनरेगा बचाओ अभियान के तहत पथरिया ब्लॉक में कांग्रेस का जोरदार विरोध प्रदर्शन

Youthwings