IND vs NZ 3rd ODI: गंभीर की कोचिंग में एक और शर्मनाक अध्याय, भारत पहली बार घर में न्यूजीलैंड से हारा

IND vs NZ 3rd ODI: भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में 41 रन से हार का सामना करना पड़ा। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के साथ ही कीवी टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। यह पहली बार है जब न्यूजीलैंड ने भारतीय धरती पर वनडे सीरीज जीती है।

इस हार के साथ कोच गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारत के नाम एक और निराशाजनक रिकॉर्ड जुड़ गया है। इससे पहले न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका भारत को उसके घर में टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप कर चुके हैं।

मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के शतकों की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट पर 337 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच 219 रन की साझेदारी हुई, जो भारत के खिलाफ वनडे में न्यूजीलैंड की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।

डेरिल मिचेल ने इस सीरीज में लगातार दूसरा शतक लगाया और भारत के खिलाफ एक वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने भारत के खिलाफ अब तक 8 पारियों में 4 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं।

भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 43 रन दिए।

337 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 296 रन पर ऑलआउट हो गई। रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और रवींद्र जडेजा जैसे बड़े नाम पूरी तरह फ्लॉप रहे। विराट कोहली ने एक छोर संभाले रखा और 108 गेंदों में 124 रन की शानदार पारी खेलते हुए वनडे करियर का 54वां और इंटरनेशनल करियर का 85वां शतक लगाया।

विराट को नीतीश कुमार रेड्डी (53 रन) और हर्षित राणा (52 रन) का अच्छा साथ मिला, लेकिन हर्षित के आउट होते ही भारत की उम्मीदें भी टूट गईं। न्यूजीलैंड के जैक फाउल्कस और क्रिस्टियन क्लार्क ने 3-3 विकेट लिए, जबकि जायडेन लेनॉक्स ने 2 विकेट चटकाए।

यह इंदौर में भारत की वनडे क्रिकेट में पहली हार भी है, जिसने घरेलू रिकॉर्ड को पूरी तरह बदल दिया।

Youthwings