कोयला परिवहन को लेकर तनाव: ओडिशा सीमा पर रायगढ़ के ट्रांसपोर्टरों से मारपीट

ट्रांसपोर्टरों से मारपीट

ट्रांसपोर्टरों से मारपीट

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोल परिवहन को लेकर ओडिशा सीमा क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। बीजेएमएस यूनियन पर आरोप है कि उसने छत्तीसगढ़ के ट्रांसपोर्टरों को तय समझौते से कम लोडिंग दी और प्रति वाहन 400 रुपये की वसूली की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया।

रायगढ़ के ट्रांसपोर्टरों से मारपीट का आरोप

आरोप है कि ओडिशा के कुछ ट्रांसपोर्टरों ने रायगढ़ से पहुंचे ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के साथ हाथापाई की। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही तमनार पुलिस हरकत में आई और मामले को संज्ञान में लेते हुए ओडिशा यूनियन से जुड़े 12 से अधिक लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की।

समझौते के तहत 33 प्रतिशत लोडिंग तय

बताया जा रहा है कि इससे पहले दोनों राज्यों के ट्रांसपोर्टरों के बीच कोल लोडिंग को लेकर समझौता हुआ था। इस समझौते में तय किया गया था कि छत्तीसगढ़ के ट्रांसपोर्टरों को 33 प्रतिशत लोडिंग दी जाएगी। स्थानीय ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि ओडिशा पक्ष लगातार इस समझौते का उल्लंघन कर रहा है।

टपरिया बॉर्डर पर बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक रायगढ़ के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी संजय अग्रवाल, सतीश चौबे, प्रभा शाही, शंकर अग्रवाल, आशीष यादव सहित अन्य लोग ओडिशा गए थे। वहीं टपरिया बॉर्डर पर लोडिंग कम देने और प्रति गाड़ी 400 रुपये वसूली को लेकर बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में झगड़े में तब्दील हो गई।

100 से ज्यादा लोगों पर हमले का आरोप

रायगढ़ के ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि यदि ओडिशा में उनकी गाड़ियों से अवैध वसूली की जाएगी, तो छत्तीसगढ़ में भी ओडिशा की गाड़ियों से शुल्क लिया जाएगा। इसी बात को लेकर विवाद गहराया और आरोप है कि गोपाल, धीरेन्द्र, विपिन, धनी, तेजराम समेत 100 से अधिक लोगों ने शंकर अग्रवाल पर हमला किया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

घटना की जानकारी मिलते ही तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। रायगढ़ से अनुप बंसल, हरमीत घई सहित अन्य ट्रांसपोर्टर भी टपरिया पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और शांति बहाल कराई।

read more : आवारा कुत्तों से नहीं मिली राहत: एनिमल बर्थ कंट्रोल के दावे फेल,12 महीने में पौने दो लाख एंटी रेबीज डोज की खपत

Youthwings