Kanker Religious Conversion: कांकेर में घर वापसी अभियान तेज, 200 से अधिक लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाया
Kanker Religious Conversion: कांकेर जिले के पीढापाल क्षेत्र में धर्मांतरण के खिलाफ चल रही मुहिम का असर सामने आया है। यहाँ 200 से अधिक ग्रामीणों ने ईसाई धर्म त्याग कर अपने मूल सनातन धर्म में घर वापसी की है। इस दौरान सभी ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-पाठ और शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी की।
यह घटनाक्रम आमाबेड़ा क्षेत्र में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफनाने को लेकर हुई हिंसा के बाद सामने आया है। इसके बाद जिले में हिंदू संगठनों और स्थानीय समाज द्वारा घर वापसी अभियान को तेज किया गया, जिसका असर अब विभिन्न इलाकों में दिखने लगा है।
जानकारी के अनुसार, घर वापसी करने वाले सभी लोग पीढापाल क्षेत्र के निवासी हैं। कार्यक्रम सामूहिक रूप से आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाने की बात कही। इस अवसर पर हिंदू समाज के लोगों ने घर वापसी करने वाले परिवारों का स्वागत भी किया।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में हुए धर्मांतरण के दौरान किसी प्रकार के आधिकारिक दस्तावेज नहीं बनाए गए थे। घर वापसी करने वाले कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि मिशनरी गतिविधियों के दौरान उन्हें हिंदू देवी-देवताओं की पूजा से रोका जाता था और पारंपरिक मान्यताओं से दूर रहने को कहा जाता था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ दिनों में जिले में करीब 200 से अधिक लोग घर वापसी कर चुके हैं। बड़ेतेवड़ा क्षेत्र में हुई घटना के बाद वहाँ के चर्च से जुड़े एक प्रमुख व्यक्ति द्वारा भी सनातन धर्म में वापसी किए जाने की चर्चा है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
