बीजापुर मुठभेड़ में 6 माओवादी ढेर, 4 महिला नक्सली शामिल.. AK-47 सहित 6 हथियार बरामद
Bijapur Naxal News
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच जारी सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता मिली है। 17 और 18 जनवरी 2026 को हुई मुठभेड़ों में अब तक कुल 6 माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 4 महिला नक्सली शामिल हैं। मुठभेड़ स्थल से AK-47, INSAS, कार्बाइन और .303 राइफल सहित कुल 6 ग्रेडेड हथियार भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि नेशनल पार्क एरिया कमेटी के DVCM दिलीप बेड़जा समेत अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने 17 जनवरी से सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के दौरान 17 जनवरी की सुबह से ही रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।
सर्चिंग के दौरान 17 जनवरी को पहले दो माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए। इसके बाद शाम को हुई मुठभेड़ में दो और माओवादियों के शव मिले। ऑपरेशन की निरंतरता में 18 जनवरी को फिर हुई मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान दो और माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए।
अब तक की पहचान के अनुसार मारे गए माओवादी कैडरों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी के कुख्यात सदस्य DVCM दिलीप बेड़जा, ACM माड़वी कोसा, ACM लक्खी मड़काम, PM (पार्टी मेंबर) राधा मेट्टा शामिल हैं। शेष दो माओवादियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि डीआरजी, कोबरा, एसटीएफ, स्थानीय पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बल बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और जनकल्याण सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा और पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। सशस्त्र माओवादियों के खिलाफ सटीक, समन्वित और निर्णायक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
फिलहाल मुठभेड़ क्षेत्र के आसपास सघन सर्चिंग अभियान जारी है। अभियान पूर्ण होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट अलग से साझा की जाएगी।
