Dhanush–Mrunal Wedding Rumours: क्या 14 फरवरी को धनुष की दुल्हन बनेंगी मृणाल ठाकुर? वायरल हुई वेडिंग डेट
Dhanush–Mrunal Wedding Rumours: साउथ सुपरस्टार धनुष और अभिनेत्री मृणाल ठाकुर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लंबे समय से दोनों के रिलेशनशिप को लेकर चल रही चर्चाओं ने अब शादी की अफवाहों का रूप ले लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह चर्चित जोड़ी जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकती है, जिससे सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई है।
धनुष और मृणाल ठाकुर के लिंक-अप की चर्चाएं फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ की स्क्रीनिंग के दौरान शुरू हुई थीं, जहां दोनों की नजदीकियों ने लोगों का ध्यान खींचा था। उस समय जब मृणाल से इन अफवाहों को लेकर सवाल किया गया था, तो उन्होंने धनुष को केवल एक अच्छा दोस्त बताया था और कहा था कि वह अजय देवगन के निमंत्रण पर स्क्रीनिंग में शामिल हुई थीं। इसके बाद कुछ समय के लिए ये खबरें थम सी गई थीं।
हालांकि अब एक बार फिर दोनों का नाम चर्चा में है। मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि धनुष और मृणाल ठाकुर एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और यह रिश्ता धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसी बीच फ्री प्रेस जर्नल की एक रिपोर्ट ने इन अफवाहों को और हवा दे दी, जिसमें कहा गया कि दोनों 14 फरवरी, वैलेंटाइन डे के दिन शादी कर सकते हैं। इस खबर के सामने आते ही फैंस सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे हैं।
हालांकि अभी तक न तो धनुष और न ही मृणाल ठाकुर ने इन शादी की खबरों पर कोई आधिकारिक बयान दिया है। इससे पहले न्यूज18 ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि दोनों वाकई एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं, लेकिन उनका रिश्ता अभी शुरुआती दौर में है। दोनों फिलहाल अपने रिश्ते को सार्वजनिक करने से बच रहे हैं और पब्लिक प्लेसेज पर एक साथ नजर आने से भी दूरी बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि उनके करीबी दोस्त इस रिश्ते से काफी खुश हैं और दोनों की सोच और वैल्यूज एक-दूसरे से मेल खाती हैं।
गौरतलब है कि धनुष ने साल 2004 में सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या रजनीकांत से शादी की थी। हालांकि 18 साल बाद, साल 2022 में दोनों के अलग होने की घोषणा ने फैंस को चौंका दिया था। इसके बाद 2024 में चेन्नई फैमिली कोर्ट में उनका तलाक फाइनल हो गया। तलाक के बाद धनुष का नाम कई अभिनेत्रियों के साथ जुड़ा, लेकिन मृणाल ठाकुर के साथ उनकी शादी की खबरों ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं।
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वाकई वैलेंटाइन डे पर यह जोड़ी अपने रिश्ते को शादी का नाम देगी या ये खबरें सिर्फ अफवाह बनकर रह जाएंगी।
