सीएम विष्णुदेव साय का बगीचा दौरा: 107 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात…
सीएम विष्णुदेव साय का बगीचा दौरा
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के नगर पंचायत बगीचा पहुंचे, जहां उन्होंने विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भूमिपूजन, लोकार्पण, शिलान्यास और उज्ज्वला महोत्सव कार्यक्रमों में शिरकत कर क्षेत्र को अनेक विकास योजनाओं की सौगात दी।
तहसील चौक से हाई स्कूल चौक तक बनेगा गौरव पथ
मुख्यमंत्री ने बगीचा में बस स्टैंड के समीप गौरव पथ निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। तहसील चौक से हाई स्कूल चौक तक बनने वाले इस मार्ग का निर्माण लगभग 13 करोड़ रुपये (1279.77 लाख) की लागत से किया जाएगा। यह सड़क लंबे समय से नगरवासियों की प्रमुख मांग थी, जिससे आवागमन और नगर की सुंदरता दोनों में सुधार होगा।
खिलाड़ियों को मिलेगा आधुनिक खेल परिसर
सीएम साय ने निर्माणाधीन आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण भी किया। लगभग 2 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस परिसर में खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम, शौचालय और बैठने की बेहतर व्यवस्था की जा रही है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
वनांचल क्षेत्र को मिली स्वास्थ्य सुविधा
मुख्यमंत्री ने 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का लोकार्पण किया। यह स्वास्थ्य केंद्र विशेष रूप से वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराएगा और क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत साबित होगा।
उज्ज्वला महोत्सव में महिलाओं को मिला लाभ
उज्ज्वला महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 2 हजार से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए गए। इससे महिलाओं के स्वास्थ्य और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।
read more : बीजापुर में नक्सलवाद को करारा झटका: 1.45 करोड़ के इनामी 52 नक्सली मुख्यधारा में लौटे
107 करोड़ से अधिक के कार्यों की शुरुआत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार के दो वर्ष पूरे होने के बाद बगीचा क्षेत्र में आकर जनता से संवाद का अवसर मिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार बगीचा विकासखंड के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरान 107 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास और भूमिपूजन किया गया।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी
बगीचा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पमशाला कंवर धाम में आयोजित कंवर वार्षिक महोत्सव में शामिल होंगे। इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
