Virat Kohli ICC ODI Rankings: 1403 दिन बाद फिर नंबर 1 बने विराट कोहली, वनडे क्रिकेट में ‘किंग’ की बादशाहत लौटी
Virat Kohli ICC ODI Rankings: भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली ने एक बार फिर विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा कायम कर लिया है। आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में विराट कोहली 1,403 दिनों के लंबे इंतजार के बाद दोबारा दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही ‘किंग कोहली’ ने साबित कर दिया है कि उनकी क्लास और निरंतरता आज भी बरकरार है।
न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में कोहली ने 91 गेंदों पर शानदार 93 रनों की पारी खेली थी। उनकी इस बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 300 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया। इस मैच में कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था, जिसका सीधा असर उनकी रैंकिंग पर देखने को मिला।
हालिया समय में विराट कोहली जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया में खेली गई 50 ओवर की सीरीज़ के बाद से कोहली ने अपनी पिछली पांच पारियों में 74* , 135, 102, 65* और 93 रन बनाए हैं। 37 वर्षीय कोहली जुलाई 2021 के बाद पहली बार वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंचे हैं।
गौरतलब है कि विराट कोहली ने अक्टूबर 2013 में पहली बार वनडे क्रिकेट में नंबर वन बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया था। अब तक वह कुल 825 दिनों तक वनडे रैंकिंग में टॉप पर रह चुके हैं। सबसे ज्यादा दिनों तक नंबर 1 रहने वाले बल्लेबाजों की सूची में कोहली इस समय 10वें स्थान पर हैं।
