“मिस यू पापा… मुझे भी अपने साथ ले जाओ” इंस्टाग्राम पोस्ट के 21 घंटे बाद युवक की सड़क हादसे में मौत
भिलाई की नंदिनी रोड पर मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कार का कहर इतना भयानक था कि पलभर में एक युवक की जिंदगी खत्म हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे को और भी भावुक बना देने वाली बात यह रही कि मृतक युवक ने महज कुछ घंटे पहले ही अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया था।
नंदिनी रोड पर अनियंत्रित कार ने मचाया तांडव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा नंदिनी रोड स्थित बोगदा पुलिया के आगे तिवारी पेट्रोल पंप के पास रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हुआ। नंदिनी से जामुल की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकराई। इसके बाद कार पास ही स्थित एक मकान की दीवार से जा भिड़ी और गड्ढे में गिर गई।
हादसे में कार के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों ने तेज आवाज सुनी और तुरंत बाहर निकलकर हादसे की जानकारी डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
प्रवीण कुमार की मौके पर मौत, तीन युवक गंभीर
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान प्रवीण कुमार, निवासी सुपेला के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। वहीं कार में सवार राहुल साहू, आकाश और प्रशांत मांडले गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल बीएम शाह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
21 घंटे पहले किया था भावुक पोस्ट
हादसे से करीब 21 घंटे पहले प्रवीण कुमार ने इंस्टाग्राम पर अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए एक भावुक स्टेटस पोस्ट किया था। उसने लिखा था— “मिस यू पापा… आज बहुत याद आ रही है आपकी, आकर मुझे भी अपने साथ ले जाओ ना पापा।” किसी ने नहीं सोचा था कि यह पोस्ट उसकी जिंदगी का आखिरी संदेश साबित होगा।
कार राहुल साहू चला रहा था
पुलिस के अनुसार कार क्रमांक CG 10 AK 7522 को राहुल साहू चला रहा था। सभी युवक प्रशांत मांडले को उसके गांव कचांदुर छोड़ने जा रहे थे, तभी रास्ते में यह भयावह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद जामुल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
READ MORE : महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का आदेश जारी, जानिए कब से मिलेगा लाभ?
