गरियाबंद में ओपेरा की आड़ में अश्लील डांस : आयोजक गिरफ्तार, SDM को नोटिस, दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच…
गरियाबंद में ओपेरा की आड़ में अश्लील डांस
गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उरमाल में आयोजित छह दिवसीय ओपेरा कार्यक्रम में खुलेआम अश्लील नृत्य कराए जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मनोरंजन के नाम पर ली गई अनुमति के विपरीत कार्यक्रम में अर्धनग्न नृत्य, नोट लुटाने और अव्यवस्था के दृश्य देखने को मिले।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
कार्यक्रम से जुड़े कई आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिनमें अश्लील डांस और भीड़ की अव्यवस्था साफ नजर आई। वीडियो सामने आते ही प्रशासन और पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
आयोजक गिरफ्तार, पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
पुलिस ने आयोजक देवेंद्र राजपूत, गोविंद देवांगन, नरेंद्र साहू और हसन डाडा के खिलाफ बीएनएस की धारा 296 (3) (5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, डांस कार्यक्रम के दौरान अनुचित आचरण में संलिप्त पाए गए दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है।
SDM को कारण बताओ नोटिस
कलेक्टर बीएस उईके द्वारा जारी आदेश में मैनपुर SDM डॉ. तुलसीदास मरकाम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि शासकीय भूमि पर इस तरह के आयोजन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रखा गया, जो प्रशासनिक उदासीनता और कर्तव्य में लापरवाही को दर्शाता है। इसके साथ ही SDM को अस्थायी रूप से जिला कार्यालय गरियाबंद में संलग्न कर दिया गया है।
read more : सूरजपुर की राइस मिल में भीषण आग, बारदाने के दो गोदाम जलकर खाक
SDM की सफाई
मैनपुर SDM डॉ. तुलसीदास मरकाम ने अपनी सफाई में कहा है कि उन्हें आयोजन में अश्लीलता की जानकारी मिलने के बाद वे कार्यक्रम बंद कराने मौके पर पहुंचे थे। उनका दावा है कि व्यवस्था सुधारने के दौरान ही उनका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
तीसरे दिन से बिगड़ी स्थिति
जानकारी के अनुसार, उरमाल गांव की एक समिति ने मनोरंजन के उद्देश्य से ओपेरा आयोजन की अनुमति ली थी। हालांकि तीसरे दिन 7 जनवरी से कार्यक्रम में अश्लीलता शुरू हो गई। इसके लिए ओडिशा से बार डांसरों को बुलाया गया, जिनके प्रचार वीडियो पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके थे। 8 जनवरी से भारी भीड़ जुटने लगी और 9 जनवरी की रात स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।
