14 Naxalites Killed in Chhattisgarh: बस्तर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, 14 नक्सली ढेर, CM साय बोले– अब शांति ही एकमात्र विकल्प

14 Naxalites Killed in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। बस्तर रेंज के बीजापुर और सुकमा जिलों में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में 14 माओवादियों को मार गिराया गया है। इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क के खिलाफ एक निर्णायक सफलता माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस ऑपरेशन को लेकर कहा कि बस्तर में अब हिंसा का दौर खत्म होने की ओर है और शांति ही एकमात्र विकल्प बचा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वास, विकास और सुरक्षा ही बस्तर की नई पहचान बन रही है।

CM विष्णुदेव साय का बड़ा बयान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुरक्षाबलों की सटीक रणनीति, निरंतर दबाव और मजबूत जमीनी पकड़ के चलते माओवादी संगठन तेजी से कमजोर हो रहा है। बस्तर अब हिंसा नहीं बल्कि विकास, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व, सुरक्षाबलों के साहस और बस्तर की जनता के विश्वास का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने अभियान में शामिल जवानों के शौर्य को नमन करते हुए उन्हें बधाई दी और कहा कि जो लोग अब भी हिंसा का रास्ता अपना रहे हैं, वे आत्मसमर्पण कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ लें और सम्मानजनक जीवन की ओर लौटें।

गृह मंत्री विजय शर्मा ने दी ऑपरेशन की जानकारी

बीजापुर और सुकमा में 14 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि नक्सल विरोधी अभियान कई जिलों में एक साथ चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दो अलग-अलग जिलों से 14 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं और फिलहाल ऑपरेशन जारी है। आने वाले समय में और भी बड़ी सफलता मिलने की संभावना है।

नक्सलवाद के अंत की ओर छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की अंधेरी रात अब अंतिम चरण में है और बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का स्थायी सूर्योदय सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार और सुरक्षाबल संविधान के दायरे में रहकर अपने कर्तव्यों का पूरी मजबूती से निर्वहन कर रहे हैं।

Youthwings