दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय: नितिन नबीन, मनसुख मांडविया से की मुलाकात
दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
दिल्ली/रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार से दिल्ली प्रवास पर हैं। इस दौरान शनिवार दोपहर उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और दोनों नेताओं के बीच संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
केंद्रीय खेल मंत्री से मुलाकात, खेलो इंडिया को लेकर आभार
शुक्रवार देर शाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के आयोजन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ को सौंपने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया।
14 फरवरी को रायपुर में होगा उद्घाटन समारोह
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का उद्घाटन समारोह 14 फरवरी को रायपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया को उद्घाटन समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आयोजन राज्य की आदिवासी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा और पारंपरिक खेलों को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
read more : छत्तीसगढ़ का अनोखा उत्सव छेरछेरा पुन्नी 2026, जानिए ‘माई कोठी के धान ल हेरहेरा’ का महत्व…
कई राज्यों से भाग लेंगे खिलाड़ी
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी खेलों की समृद्ध परंपरा रही है। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स देशभर की आदिवासी प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का कार्य करेगा।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में पारंपरिक और आधुनिक दोनों तरह के खेल शामिल होंगे, जिनमें देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
छत्तीसगढ़ को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान
रायपुर में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन को छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह आयोजन राज्य को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ईएसआईसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए भी केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
