यूट्यूब से सीखकर घर पर छापे नकली नोट! शातिर पति-पत्नी गिरफ्तार
दुर्ग। दुर्ग जिले से नकली नोट छापने और खपाने का एक अनूठा मामला सामने आया है, जहां एक पति-पत्नी ने यूट्यूब से नकली नोट छापने का तरीका सीखकर साप्ताहिक बाजारों में जाली नोट चलाए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर 1 लाख 70 हजार 500 रुपये के नकली नोट और एक प्रिंटर समेत सामग्री जब्त की है।
बाजार में नकली नोट चलाने से हुआ खुलासा
मामले का पर्दाफाश तब हुआ जब रानीतराई साप्ताहिक बाजार में सब्जी विक्रेता तुलेश्वर सोनकर ने शिकायत दर्ज कराई कि एक जोड़े ने 60 रुपये की सब्जी खरीदकर उसे 500 रुपये का नकली नोट (नंबर: 9EP143736) दिया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
यूट्यूब से सीखा, घर पर छापे नोट
आरोपी अरुण कुमार तुरंग और उसकी पत्नी राखी तुरंग ने पूछताछ में बताया कि वे कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान थे। अरुण ने यूट्यूब पर नकली नोट बनाने के वीडियो देखे और फिर कलर प्रिंटर, बॉन्ड पेपर खरीदकर घर पर ही नोट छापना शुरू कर दिया। छपाई की गुणवत्ता कमजोर होने के कारण वे रात में गांवों और साप्ताहिक बाजारों में इन नोटों को खपाते थे।
तलाशी में बरामद हुआ सामान
पुलिस ने आरोपियों के रायपुर स्थित घर पर छापा मारकर 1 लाख 65 हजार 300 रुपये के नकली नोट, एक कलर फोटो कॉपी प्रिंटर, कागज और अन्य सामग्री जब्त की। इसके अलावा 5,200 रुपये नकद भी मिले। पुलिस का मानना है कि आरोपी पाटन और रानीतराई के बाजारों में नकली नोट चला चुके हैं।
भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 178, 179, 180, 181 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। यह एक गंभीर आर्थिक अपराध है और पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों और नेटवर्क की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों आरोपी हिरासत में हैं।
