राजकीय विमान से बाबा बागेश्वर के आगमन पर छिड़ी बहस, अब पंकज झा और संदीप शर्मा की पोस्ट चर्चा में

रायपुर। बाबा बागेश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को सरकारी विमान से लाए जाने को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में तीखी बहस छिड़ गई है। कांग्रेस द्वारा सरकार पर फिजूलखर्ची के आरोप लगाने के बाद भाजपा की ओर से कड़ा पलटवार किया गया है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा और राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस पर निशाना साधा है।

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू से जुड़ी पुरानी खबरों के स्क्रीनशॉट साझा किए। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि सत्ता को कांग्रेस ने अपनी खानदानी जायदाद समझ रखा है और आज भी सामंती सोच खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र संत के लिए राजकीय विमान पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि सिगरेट मंगवाने और निजी पत्राचार के लिए सरकारी विमान का इस्तेमाल किया गया।

वहीं राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने फेसबुक पोस्ट के जरिए कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकारी जहाज से बीड़ी, सिगरेट और खैनी मंगवाई जा सकती है, लेकिन किसी संत को आमंत्रित करना गलत ठहराया जा रहा है।

दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बाबा बागेश्वर के छत्तीसगढ़ दौरे में सरकारी विमान के इस्तेमाल को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विमान को “हवाई टैक्सी” बना दिया गया है और पूछा कि क्या सरकारी संसाधनों का उपयोग साधु-संतों को लाने-ले जाने के लिए किया जाना चाहिए।

 

Youthwings