BJP Leader Hit and Run: बीजेपी नेता ने कार से 5 लोगों को कुचला, हिरासत से फरार

BJP Leader Hit and Run: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां एक बीजेपी नेता ने तेज रफ्तार कार से सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंद दिया। इस दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।

यह घटना पोरसा थाना क्षेत्र के जोटई रोड बाईपास चौराहे के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे कुछ लोग ठंड से बचने के लिए अलाव ताप रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। आरोप है कि कार चला रहा बीजेपी नेता शराब के नशे में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। लोगों का आरोप है कि पिटाई के दौरान आरोपी की नाक से खून तक निकलने लगा। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

आरोपी की पहचान बीजेपी नेता दीपेंद्र भदौरिया के रूप में हुई है, जो एमपी 06 सीए 5172 नंबर की कार चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोगों को टक्कर मारने के बाद भी आरोपी ने गाड़ी नहीं रोकी और आगे जाकर एक अन्य वाहन से भी टकरा गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।

हालांकि मामला उस वक्त और गंभीर हो गया जब आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के कारण आरोपी भागने में सफल रहा। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने इस पूरे मामले में केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings