रायपुर डेंटल कॉलेज का निरीक्षण कर भड़के स्वास्थ्य मंत्री, बोले- इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शुक्रवार को शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाएं, स्टाफ और प्रोफेसरों की भारी कमी देखकर मंत्री जायसवाल नाराज दिखे। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर दिए सख्त निर्देश
मंत्री जायसवाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए और कॉलेज की सभी कमियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, चिकित्सा शिक्षा विभाग के संचालक प्रो. डॉ. यू.एस. पैकरा और कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. वीरेंद्र वाढेर भी मौजूद थे।
7 करोड़ रुपये की स्वीकृति
निरीक्षण के बाद मंत्री जायसवाल ने कॉलेज के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण के लिए कुल ₹7 करोड़ की राशि मंजूर की।
- कॉलेज की मरम्मत और मेंटेनेंस के लिए ₹2 करोड़
- आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए ₹5 करोड़
उन्होंने कहा कि यह राज्य का एकमात्र सरकारी डेंटल कॉलेज है और इसकी सेवाएं आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचनी चाहिए।
स्टाफ की कमी पर जताई चिंता
स्वास्थ्य मंत्री ने कॉलेज में फैकल्टी और सपोर्ट स्टाफ की भारी कमी पर गहरी चिंता जताई और अधिकारियों को आदेश दिया कि जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी कर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की शिक्षा और मरीजों की देखभाल किसी भी हालत में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
मरीजों की समस्याएं सुनकर दिए समाधान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री जायसवाल ने इलाज के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। मरीजों ने गर्मी में असुविधा की बात कही, जिस पर मंत्री ने अस्पताल परिसर में सेंट्रल एयर कंडीशनिंग सिस्टम लगाने के निर्देश दिए।
स्वशासी समिति की बैठक में लिए गए कई फैसले
निरीक्षण के बाद आयोजित स्वशासी समिति की बैठक में पूर्व निर्धारित उपचार दरों की समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न पदों पर कलेक्टर दर पर भर्ती को भी मंजूरी मिली।
इस दौरान स्नातकोत्तर छात्रों और इंटर्न्स ने शिष्यवृत्ति बढ़ाने की मांग रखी, जिस पर मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया। कर्मचारी संघ और सफाईकर्मियों की समस्याएं भी मंत्री के सामने आईं, जिनका शीघ्र समाधान करने का भरोसा उन्होंने दिया।
