भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 115 नगरीय निकायों में अटल परिसरों का किया लोकार्पण

रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के 115 नगरीय निकायों में नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया। राजधानी रायपुर के अटल एक्सप्रेस-वे स्थित फुंडहर चौक पर अटलजी की प्रतिमा का अनावरण और अटल परिसर का लोकार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों से जुड़ते हुए अन्य 114 नगरीय निकायों के अटल परिसरों का भी लोकार्पण किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विशेष रूप से उपस्थित रहे। फुंडहर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत 186 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत 23 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 185 करोड़ 49 लाख रुपये के 17 कार्यों का भूमिपूजन और 1 करोड़ 49 लाख रुपये के 6 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। साथ ही नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा प्रकाशित अटल परिसरों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत पाँच हितग्राहियों को भवन निर्माण अनुज्ञा-पत्र और पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पाँच महिला हितग्राहियों को 50-50 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नागरिकों को सुशासन दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अटलजी तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे और वे अजातशत्रु, प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि व श्रेष्ठ साहित्यकार थे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और आदिम जाति विकास मंत्रालय जैसे ऐतिहासिक निर्णयों के जरिए उन्होंने देश के विकास को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटलजी की जन्म-शताब्दी वर्ष में सभी नगरीय निकायों में अटल परिसरों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता की स्मृतियाँ चिरस्थायी बनी रहें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत रायपुर में 1023 आवास स्वीकृत किए गए हैं।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी अटलजी के योगदान को याद करते हुए उन्हें आधुनिक भारत का शिल्पकार बताया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Youthwings