नशे में धुत युवक-युवती का हाईवोल्टेज ड्रामा, कार के सामने कूदने का किया नाटक
बिलासपुर। शहर के कोनी थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में एक युवक और युवती के बीच सरेराह तीखा विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया। आरोप है कि बहस के दौरान युवती ने युवक को थप्पड़ मारा और बाद में कथित तौर पर कार के सामने कूदकर आत्महत्या का नाटक करने लगी। इस दौरान युवक उसे समझाने और शांत कराने की कोशिश करता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच पहले बहस हुई, जो धीरे-धीरे हाथापाई तक पहुंच गई। सड़क पर हो रहे इस घटनाक्रम को देखकर राहगीर रुक गए। किसी ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि युवक और युवती दोनों तालापारा क्षेत्र के निवासी हैं और विवाद के समय दोनों नशे की हालत में थे, जिससे स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई। कार के सामने कूदने की कोशिश के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
इस मामले में फिलहाल पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। कोनी थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है या सार्वजनिक शांति भंग होने की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है और वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
