VVIP मंच पर कुर्सी को लेकर हंगामा, अमर अग्रवाल की नाराजगी पर सीएम को करना पड़ा हस्तक्षेप.. कांग्रेस ने कहा- ‘शर्मनाक कुर्सी दौड़’

बिलासपुर में आयोजित राज्य युवा महोत्सव के दौरान वरिष्ठ भाजपा विधायक अमर अग्रवाल को मंच पर पिछली पंक्ति में बैठाए जाने को लेकर विवाद हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने इसे ‘भाजपा नेताओं की शर्मनाक कुर्सी दौड़’ करार देते हुए पोस्ट किया कि मंच पर नाराजगी, हंगामा और सरकार की किरकिरी हुई। पोस्ट में लिखा गया, “जब सरकार के भीतर ही आपसी खींचतान इस कदर हावी है, तो प्रदेश की जनता की चिंता कौन करेगा?”

 

घटना के अनुसार, कार्यक्रम के VVIP मंच पर अमर अग्रवाल के लिए निर्धारित सीट व्यवस्था न होने से वे नाराज हो गए। कुछ समय तक माहौल गरमाया रहा। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन विधायक नहीं माने। अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद हस्तक्षेप कर अमर अग्रवाल को मंच की अग्रिम पंक्ति में बैठाया, जिसके बाद कार्यक्रम सुचारू रूप से चला।

 

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का बयान

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिलासपुर जिले में कई वरिष्ठ विधायक हैं। अधिकारियों को ऐसी स्थिति से बचना चाहिए और वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की गरिमा के अनुरूप बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

 

विधायक अमर अग्रवाल ने खारिज किए अनदेखी के आरोप

वरिष्ठ विधायक अमर अग्रवाल ने प्रशासन पर अनदेखी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस स्थान पर उनकी बैठक तय थी, वहां पहले से कुर्सी रखी हुई थी। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा व्यवस्था का पालन करने का आदी हूं। जब मंत्रीगण उपस्थित नहीं थे, तब मुझसे आगे बैठने का आग्रह किया गया।” विधायक ने इस घटना को छोटी-मोटी गलतफहमी बताया और कहा कि यह कोई बड़ा विवाद नहीं है।

 

यह घटना राज्य युवा महोत्सव के दौरान हुई, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया था। कांग्रेस ने इसे भाजपा में आंतरिक कलह का प्रमाण बताते हुए राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की है।

Youthwings