Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का व्यस्त कार्यक्रम, राज्य युवा महोत्सव का आज होगा शुभारंभ, झीरम घाटी हमले पर जेपी नड्डा के बयान से विवाद. . . . पढ़ें और भी खबरें

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और बिलासपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सुबह 11:30 बजे वे छत्तीसगढ़ स्किल टेक कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 3 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम में 45वीं एनटीपीसी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शिरकत करेंगे। शाम 4:10 बजे पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के हेलीपेड से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।

 

शाम 6:30 बजे बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई पहुंचकर वे तीन दिवसीय राज्य युवा महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। डिप्टी सीएम अरुण साव समारोह की अध्यक्षता करेंगे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव में 14 विधाओं में लगभग 3 हजार युवा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करेंगे। इसमें 8 दलीय और 6 एकल विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। विजेता प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा उत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

 

महोत्सव में छत्तीसगढ़ की मेजबानी में होने वाले पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की लॉन्चिंग भी होगी। विधानसभा स्पीकर डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। रात 8:45 बजे सीएम बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित कवि सम्मेलन में भाग लेंगे।

 

झीरम घाटी हमले पर जेपी नड्डा के बयान से विवाद

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उस बयान पर कांग्रेस ने तीव्र आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि झीरम मामले में कांग्रेस ने नक्सलियों से संपर्क कर अपने लोगों पर हमला करवाया था। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि नड्डा शहीदों का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि एनआईए नड्डा से पूछताछ कर उनके बयान का आधार जाने और भाजपा उन पर कार्रवाई करे।

 

शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस ने झीरम हमले में अपनी एक पूरी पीढ़ी के नेताओं को खोया है और उस समय भाजपा की सरकार थी। उन्होंने पूछा कि एनआईए ने तत्कालीन सीएम रमन सिंह से पूछताछ क्यों नहीं की? रमन सिंह का नार्को टेस्ट कराया जाए तो पूरा सच सामने आ जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झीरम के सच को छिपाने के लिए लगातार षड्यंत्र करती रही है। कांग्रेस सरकार द्वारा गठित एसआईटी की जांच को केंद्र की भाजपा सरकार ने बाधित किया। सुप्रीम कोर्ट ने दिसंबर 2023 में एनआईए की अपील खारिज कर एसआईटी को जांच की अनुमति दी थी। कांग्रेस ने मांग की है कि एसआईटी जांच फिर शुरू करे।

 

शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित

सूरजपुर जिले में ग्राम पंचायत दवना (विकासखंड रामानुजनगर) की शासकीय उचित मूल्य दुकान का नवीन आबंटन किया जाना है। सहकारी समितियां, महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम पंचायत एवं अन्य पात्र संस्थाएं 5 जनवरी 2026 तक शाम 5:30 बजे तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा कर सकती हैं।

 

प्लेसमेंट कैंप आज, 126 पदों पर भर्ती

रायगढ़ जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में आज (23 दिसंबर) सुबह 10:30 बजे से प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। इसमें 126 रिक्त पदों पर भर्ती होगी। पेरेनियल टेक्नोलॉजीज (पुणे) में डीजी ऑपरेटर एवं सर्विस इंजीनियर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस में डेवलपमेंट मैनेजर, सेल्स ऑफिसर आदि तथा जैन एसोसिएट्स में इलेक्ट्रीशियन एवं वेल्डर के पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी मूल प्रमाण-पत्र एवं बायोडाटा लेकर पहुंच सकते हैं।

Youthwings