Gold Silver Price: सोने-चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी, चांदी 10,400 रुपये उछली, सोना भी नए उच्च स्तर पर
gold and silver rates
Gold Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को दोनों कीमती धातुओं ने नया ऑल टाइम हाई दर्ज किया। ग्लोबल मार्केट में मजबूती के बाद दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,685 रुपये की बढ़त के साथ 1,38,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह शुक्रवार को सोना 1,36,515 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। राजधानी दिल्ली में चांदी 10,400 रुपये की उछाल के साथ 2,14,500 रुपये प्रति किलो के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।
इससे पहले शुक्रवार को चांदी 3,500 रुपये की गिरावट के साथ 2,04,100 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। वहीं, पिछले सप्ताह गुरुवार को चांदी 1,800 रुपये की बढ़त के साथ 2,07,600 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंची थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हाजिर चांदी 2.31 डॉलर यानी 3.44 प्रतिशत की तेजी के साथ 69.45 डॉलर प्रति औंस के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।
क्यों बढ़ रही हैं सोने-चांदी की कीमतें
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रिकॉर्ड तेजी के कारण घरेलू सर्राफा बाजार में भी मजबूती बनी हुई है। उन्होंने बताया कि अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती, बढ़ती राजकोषीय चिंताएं और आर्थिक अनिश्चितता के चलते निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 80.85 डॉलर यानी 1.86 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,420.35 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
