Jhiram Ghati Attack पर जेपी नड्डा का बड़ा बयान, बोले- ‘कांग्रेस के ही लोगों ने कांग्रेस नेताओं की हत्या करवाई’

Jhiram Ghati Attack / जांजगीर-चांपा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के झीरम घाटी नक्सल हमले को लेकर दिए गए बयान से छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मच गई है। जांजगीर-चांपा में आयोजित ‘जनदेश परब’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि झीरम घाटी नक्सल हमले में कांग्रेस के ही लोगों ने कांग्रेस नेताओं की हत्या करवाई थी।

जेपी नड्डा ने कहा कि जब वे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी थे, उसी दौरान झीरम घाटी की घटना हुई थी। उन्होंने दावा किया कि इस हमले की जानकारी कांग्रेस के भीतर के कुछ लोगों को पहले से थी और नक्सलियों को अंदरूनी मदद मिली। नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और नक्सलियों के बीच लंबे समय से सांठगांठ रही है। उन्होंने कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाए, तो ऐसी घटनाएं होती हैं।

नड्डा ने आगे कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूरी तरह खत्म होने का दावा भी किया।

जेपी नड्डा के बयान पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बयान को आपत्तिजनक और गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने मांग की कि जेपी नड्डा से इस बयान को लेकर NIA द्वारा पूछताछ की जाए। सुशील आनंद शुक्ला ने सवाल उठाया कि नड्डा के आरोपों का आधार क्या है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि झीरम घाटी हमले ( Jhiram Ghati Attack ) में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने अपने प्राण गंवाए थे और इस तरह का बयान शहीद नेताओं का अपमान है। उन्होंने जेपी नड्डा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भाजपा से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की है।

Read More: गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस प्रदर्शन पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा का तीखा हमला, कहा- बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी

Youthwings