गुरु घासीदास जयंती पर 18 से 22 दिसंबर तक निःशुल्क मेगा हेल्थ कैम्प, सीएम साय ने किया शुभारंभ

गुरु घासीदास जयंती

गुरु घासीदास जयंती

रायपुर: परम् पूज्य बाबा गुरु घासीदास की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में मानव सेवा, सामाजिक समरसता और जनस्वास्थ्य को समर्पित 5 दिवसीय निःशुल्क मेगा हेल्थ कैम्प 2025 का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में इस महाअभियान का शुभारंभ किया। यह शिविर 18 से 22 दिसंबर तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। मुख्यमंत्री ने गुरु घासीदास जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह शिविर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत ढाल बनेगा।

“हेल्थ इज वेल्थ” को साकार करता छत्तीसगढ़ : सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और इन वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित आयुष्मान भारत योजना को गरीबों के लिए वरदान बताया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु ₹25 लाख तक की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी नागरिक को इलाज के अभाव में परेशान न होना पड़े।

सामाजिक करुणा का जीवंत उदाहरण : डॉ. रमन सिंह

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल चिकित्सा शिविर नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व और मानवीय संवेदनाओं की मजबूत अभिव्यक्ति है। बाबा गुरु घासीदास के विचार सत्य, अहिंसा और समानता से प्रेरित यह अभियान स्वास्थ्य को हर व्यक्ति तक पहुंचाने का अनुकरणीय प्रयास है।

उन्होंने बताया कि शिविर में 100 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं, जिससे मरीजों को सटीक जांच और समुचित इलाज मिल रहा है।

जरूरतमंदों तक इलाज पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : श्यामबिहारी जायसवाल

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि यह मेगा हेल्थ कैम्प छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि आसपास के राज्यों से आए मरीजों के लिए भी बड़ी राहत है। उन्होंने बताया कि जिन रोगियों का उपचार शिविर में संभव नहीं होगा, उन्हें आयुष्मान कार्ड के माध्यम से संबंधित अस्पतालों में निःशुल्क इलाज दिया जाएगा।

read more : छत्तीसगढ़ में योजनाओं के नाम पर अपात्रों को लाभ, करोड़ों की राशि फंसी, कैग रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

एक छत के नीचे सभी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं : राजेश मूणत

कार्यक्रम के आयोजक एवं विधायक राजेश मूणत ने बताया कि बाबा गुरु घासीदास के संदेश “मनखे-मनखे एक समान” को आत्मसात करते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि यहां एक्स-रे, ईसीजी, ईको, सोनोग्राफी, पैथोलॉजी जांच, निःशुल्क दवाइयां और महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर जांच की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। एम्स रायपुर, बालाजी, रावतपुरा, गंगा डायग्नोसिस सहित देश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक इस सेवा कार्य में योगदान दे रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही व्यापक सहभागिता

इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, महापौर मीनल चौबे, योग आयोग अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा, एम्स रायपुर के निदेशक डॉ. अशोक जिंदल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और आम नागरिक मौजूद रहे।

Youthwings