Ankita Lokhande GST Raid: बिलासपुर में GST की बड़ी कार्रवाई, अंकिता लोखंडे के ससुराल समेत इन ठिकानों पर छापेमारी

Ankita Lokhande GST Raid: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्टेट जीएसटी विभाग ने कोयला कारोबार से जुड़े तीन बड़े व्यावसायिक समूहों पर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने एक साथ 11 ठिकानों पर छापेमारी कर व्यापक जांच शुरू की है। यह कार्रवाई महावीर कोल वाशरी, फिल कोल और पारस कोल एंड बेनिफिकेशन से जुड़े कार्यालयों, आवासों, वाशरी और प्लांट परिसरों में की गई।

इस विशेष अभियान का संचालन स्टेट जीएसटी कमिश्नर मुकेश बंसल के निर्देश पर रायपुर से आई टीम ने किया। शुक्रवार देर शाम शुरू हुई यह कार्रवाई शनिवार को भी लगातार जारी रही, जिससे प्रशासनिक और कारोबारी हलकों में हड़कंप मच गया।

अंकिता लोखंडे के पारिवारिक कारोबार से जुड़ा नाम

इस छापेमारी को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि महावीर कोल वाशरी का नाम अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन के पारिवारिक व्यवसाय से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इस कनेक्शन के सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है।

GST चोरी के अहम सबूत मिले

स्टेट जीएसटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में टैक्स चोरी से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा जब्त किए गए हैं। आशंका है कि इन कारोबारी समूहों द्वारा कोयले की मिक्सिंग, प्रोसेसिंग और बिक्री के दौरान इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत इस्तेमाल किया गया। जांच में फर्जी बिलिंग और लेनदेन को अलग-अलग तरीके से दर्शाने के संकेत भी मिले हैं।

महावीर कोल वाशरी ने 10 करोड़ रुपये किए सरेंडर

कार्रवाई के दौरान महावीर कोल वाशरी की ओर से लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि सरेंडर किए जाने की जानकारी सामने आई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह रकम जीएसटी से जुड़ी अनियमितताओं और बकाया कर देनदारियों से संबंधित हो सकती है। हालांकि जांच अभी जारी है और अंतिम आंकड़ा इससे अधिक भी हो सकता है।

दूसरे दिन भी जारी रही जांच

शनिवार को भी रायपुर से आई जीएसटी की टीमें बिलासपुर में डटी रहीं। व्यापार विहार, लिंक रोड समेत अन्य इलाकों में स्थित कार्यालयों और प्लांट्स में देर रात तक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Youthwings