PM Modi ने छत्तीसगढ़ के पांच अमृत रेलवे स्टेशनों का किया लोकार्पण, अंबिकापुर में मुख्यमंत्री साय हुए शामिल

PM Modi inaugurated 5 'Amrit Stations' in Chhattisgarh

PM Modi inaugurated 5 'Amrit Stations' in Chhattisgarh

PM Modi ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इन स्टेशनों में छत्तीसगढ़ के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं, जिन्हें अब आधुनिक सुविधाओं से लैस कर विश्वस्तरीय बनाया गया है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल हुए और वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों को संबोधित किया।

छत्तीसगढ़ के इन स्टेशनों को मिला नया रूप

राज्य के जिन पांच रेलवे स्टेशनों का प्रधानमंत्री ने उद्घाटन किया, उनमें बिलासपुर रेल मंडल का अंबिकापुर स्टेशन, रायपुर मंडल के उरकुरा, भिलाई और भानुप्रतापपुर स्टेशन, तथा नागपुर मंडल का डोंगरगढ़ स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ सजाया गया है ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।

आदिवासी अंचलों को मिली सौगात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि अंबिकापुर जैसे आदिवासी बहुल जिले के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि अब यह स्टेशन रेलवे के मानचित्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर कर सामने आएगा। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को यह सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

कार्यक्रम में मंत्री और सांसदों की उपस्थिति

अंबिकापुर में हुए उद्घाटन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार के वन मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, लोकसभा सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक राजेश अग्रवाल, उद्धेश्वरी पेकरा, शंकुतला पोटे, मुख्य सचिव अमिताभ जैन सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

अमृत भारत स्टेशन योजना: आधुनिक भारत की रेल प्रणाली की दिशा में कदम

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पूरे देश में 1337 रेलवे स्टेशनों को पुनर्विकसित किया जा रहा है। रविवार को इनमें से 103 स्टेशनों को लोकार्पित किया गया। इन स्टेशनों के डिज़ाइन में स्थानीय कला, संस्कृति और परंपरा को समाहित किया गया है, जिससे यात्रियों को न केवल सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय पहचान भी सशक्त होगी।

इन स्टेशनों में यात्रियों के लिए उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं में शामिल हैं:

  • भव्य प्रवेश द्वार

  • आकर्षक सजावट और प्रकाश व्यवस्था

  • उच्च स्तरीय प्रतीक्षालय

  • स्वच्छ और आधुनिक टॉयलेट

  • दिव्यांगजनों के लिए सुगम रैंप

  • आधुनिक टिकट काउंटर

  • प्लेटफॉर्म शेल्टर

  • कोच इंडिकेशन सिस्टम

  • डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड

प्रधानमंत्री मोदी की यह पहल ‘नए भारत’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक और बड़ा कदम है। छत्तीसगढ़ जैसे विकासशील राज्य में इन रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण न केवल यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास और रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा। अब इन स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को एक नई और सुखद अनुभव की शुरुआत मिलेगी।

Youthwings