Share Market Crash: शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स 800 अंक गिरा, निफ्टी 25,900 के नीचे फिसला
Share Market Crash: सोमवार, 8 दिसंबर को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त क्रैश देखने को मिला। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में ही 800 अंक टूटकर 84,900 के करीब पहुंच गया। वहीं निफ्टी लगभग 270 अंकों की गिरावट के साथ 25,900 के नीचे फिसल गया। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली, स्मॉलकैप–मिडकैप शेयरों में बड़ी मुनाफावसूली और फेडरल रिजर्व मीटिंग से पहले सतर्क रुख ने बाजार में दबाव और बढ़ा दिया।
दोपहर 1:35 बजे सेंसेक्स 802.91 अंक (0.94%) गिरकर 84,909.45 पर और निफ्टी 269.05 अंक (1.03%) गिरकर 25,917.40 पर ट्रेड कर रहा था। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर इस बड़ी गिरावट की सबसे ज्यादा मार झेल रहे थे। दोनों इंडेक्स कारोबार के दौरान करीब 2% टूटे।
इंडिगो, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इटरनल निफ्टी पर टॉप लूजर्स रहे और लगभग 7% तक फिसल गए।
शेयर बाजार क्रैश के 6 बड़े कारण
1. US फेड मीटिंग से पहले सतर्कता
9 दिसंबर से शुरू होने वाली फेडरल रिजर्व की दो दिवसीय बैठक से पहले निवेशकों ने जोखिम उठाने से परहेज किया। महंगाई के आंकड़े, पोर्टफोलियो बदलने की तैयारी और ग्लोबल सेंट्रल बैंक मीटिंग्स ने भी निवेशकों का मूड कमजोर किया।
2. स्मॉलकैप–मिडकैप में भारी मुनाफावसूली
स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में लगातार पांचवें दिन बिकवाली दिखी। निफ्टी स्मॉलकैप100 इंडेक्स 4% से ज्यादा गिर चुका है। अब गिरावट लार्जकैप शेयरों तक भी पहुंच गई है।
3. विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली
FII सातवें दिन भी बिकवाली कर रहे हैं। दिसंबर में अब तक 10,403 करोड़ रुपये के शेयर बेच चुके हैं। इससे बाजार का सेंटीमेंट बुरी तरह प्रभावित हुआ।
4. भारतीय रुपये में कमजोरी
रुपया डॉलर के मुकाबले 16 पैसे टूटकर 90.11 पर पहुंच गया। बढ़ती तेल कीमतों और FII की निकासी ने रुपए पर दबाव बढ़ाया।
5. क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल
ब्रेंट क्रूड 63.83 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। भारत के लिए तेल की कीमत बढ़ना हमेशा महंगाई और बाजार दोनों पर असर डालता है।
6. इंडिया VIX में उछाल
वॉलैटिलिटी इंडेक्स 2.11% चढ़कर 10.53 पर पहुंचा। VIX बढ़ने का मतलब है बाजार में अनिश्चितता बढ़ रही है, जिससे ट्रेडर्स जोखिम कम करते हैं।
टेक्निकल चार्ट से संकेत
विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी के लिए ऊपर की ओर 26,300 और 26,500 प्रमुख रेजिस्टेंस हैं। नीचे 25,950–26,000 एक महत्वपूर्ण सपोर्ट जोन है।
