श्री सीमेंट परियोजना की जनसुनवाई स्थगित, भारी विरोध के बाद प्रशासन ने जारी किया आदेश, किसानों ने कहा – “पूरी तरह वापस ली जाए परियोजना”

खैरागढ़ (छत्तीसगढ़)। जिले के सण्डी, पण्डरिया, बुंदेली, विचारपुर और छुईखदान क्षेत्र में प्रस्तावित श्री सीमेंट लिमिटेड की 404 हेक्टेयर लाइमस्टोन खदान परियोजना को लेकर 11 दिसंबर को बुंदेली में होने वाली जनसुनवाई को जिला प्रशासन ने अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने आदेश जारी कर कहा कि अपरिहार्य कारणों से यह सुनवाई फिलहाल नहीं हो सकेगी। नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

परियोजना के तहत प्रतिवर्ष 3.64 मिलियन टन चूना पत्थर का खनन, 1200 TPH प्राइमरी और 400 TPH सेकेंडरी क्रशर लगाने का प्रस्ताव है। इससे 40 से अधिक गांवों की करीब 404 हेक्टेयर उपजाऊ कृषि भूमि, जल स्रोत और पर्यावरण को गंभीर खतरा बताया जा रहा है।

पिछले कई दिनों से क्षेत्र में किसान बड़े पैमाने पर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। पिछले हफ्ते छुईखदान में रैली के दौरान कुछ उपद्रवियों ने बैरिकेड तोड़े थे, जिसके बाद पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा था। इसके बाद से तनाव चरम पर था।

जनसुनवाई स्थगित होने के फैसले को किसान संगठनों ने अपनी आंशिक जीत बता रहे हैं। किसान नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है। परियोजना पूरी तरह रद्द होने तक आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर श्री सीमेंट कंपनी का दावा है कि कुछ बाहरी तत्व विरोध भड़का रहे हैं और परियोजना से क्षेत्र में रोजगार व विकास होगा।

फिलहाल जनसुनवाई टलने से क्षेत्र में तनाव कुछ कम हुआ है, लेकिन विवाद बरकरार है। नई तिथि की घोषणा के साथ ही एक बार फिर स्थिति फिर गरमा सकती है।

Youthwings