Raipur Crime News: पत्नी की हत्या के बाद पति ने ट्रेन के सामने कूदकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में बड़ा खुलासा

Raipur Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर खुद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से मिला सुसाइड नोट इस पूरे मामले का बड़ा खुलासा करता है।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच सूचना मिली कि लाभांडी रेलवे ट्रैक पर एक युवक की क्षत-विक्षत लाश पड़ी है। खम्हारडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान मृतक की जेब से आधार कार्ड और एक सुसाइडल नोट बरामद हुआ। मृतक की पहचान राजन गुप्ता, निवासी चंडी नगर खम्हारडीह के रूप में हुई।

सुसाइड नोट पढ़कर पुलिस के होश उड़ गए। नोट में लिखा था कि उसने अपनी पत्नी रेखा की हत्या कर दी है और उसकी लाश घर में पड़ी है। इसके बाद अधिकारी टीम के साथ चंडी नगर पहुंचे, जहां सोफे पर रेखा की लाश मिली। घर में सामान बिखरा था, जिससे साफ हुआ कि दोनों के बीच मौत से पहले जबरदस्त संघर्ष हुआ था।

पुलिस ने नोट में दिए नंबर पर कॉल किया, जो रेखा के चाचा का था। परिजनों के अनुसार, राजन और रेखा की लव मैरिज हुई थी और दोनों का एक बेटा भी है। रेखा एक निजी लैब में लैब टेक्नीशियन के तौर पर काम करती थी, जबकि राजन बेरोजगार था और शराब पीने का आदी हो चुका था। इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। रेखा ने इसकी शिकायत पुलिस में भी की थी और पिछले एक साल से विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों के बीच तलाक का केस भी कोर्ट में चल रहा था।

सुसाइड नोट में राजन ने रेखा और बेटे से माफी मांगते हुए लिखा- “रेखा और ओजस, आई एम सॉरी… मैं तुम दोनों के बिना नहीं जी सकता। हमारी मौत के बाद ओजस को उसकी नानी के पास पहुंचा देना।”

पुलिस का मानना है कि राजन ने रेखा का गला दबाकर हत्या की होगी, हालांकि वास्तविक मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस ने हत्या और मर्ग की कार्यवाही दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Youthwings