3 दिवसीय हड़ताल पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका, 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कर रहीं प्रदर्शन
राजनांदगांव : जिले भर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सामने फ्लाईओवर के नीचे तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आगे उग्र आंदोलन करेंगी।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार उनसे अत्यधिक कार्य ले रही है, यहां तक कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे कार्यों में भी उनकी ड्यूटी लगाई जा रही है, लेकिन उनके वेतन और सुविधाओं में कोई सुधार नहीं किया जा रहा है। उनका प्रमुख मांग यह है कि उन्हें मजदूर का दर्जा देते हुए न्यूनतम 26,000 रुपये मासिक वेतन दिया जाए।
एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने कहा, “हमारी मांगों को लगातार अनसुना किया जा रहा है। देशभर में 10 दिनों की हड़ताल चल रही है और छत्तीसगढ़ में हम तीन दिन का धरना दे रहे हैं। अगर समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन और तेज होगा।”
यह हड़ताल राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे आंगनवाड़ी कर्मचारियों के आंदोलन का हिस्सा है। प्रदर्शनकारी चाहते हैं कि सरकार उनकी मूलभूत मांगों पर गंभीरता से विचार करे और उनके काम के बोझ के अनुरूप उचित वेतन और सम्मान सुनिश्चित करे।
