धमतरी में रजिस्ट्री शुल्क बढ़ोतरी पर जोरदार विरोध: जमीन कारोबारियों ने निकाली ‘काला दिवस’ रैली, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
धमतरी में रजिस्ट्री शुल्क बढ़ोतरी पर जोरदार विरोध
धमतरी : जमीन कारोबारियों का रजिस्ट्री शुल्क बढ़ोतरी के खिलाफ विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले तीन दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन के बीच शुक्रवार को विरोध का रूप और उग्र दिखा। कारोबारियों ने काला शर्ट पहनकर काला दिवस मनाया और बड़े स्तर पर बाइक रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
शहरभर में निकाली गई बाइक रैली
जमीन कारोबारी संघर्ष समिति के बैनर तले विशाल बाइक रैली निकाली गई। यह रैली धरना स्थल से शुरू होकर कचहरी चौक → मठ मंदिर चौक → गोल बाजार → बालक चौक → घड़ी चौक → छत्रपति शिवाजी चौक → अंबेडकर चौक → कर्मा चौक के रास्ते सीधे कलेक्टोरेट पहुंची।
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
कलेक्टोरेट पहुंचकर जमीन कारोबारियों ने रजिस्ट्री शुल्क वृद्धि को वापस लेने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। कारोबारियों का कहना है कि शुल्क बढ़ने से जमीन खरीद-फरोख़्त लगभग ठप हो गई है और इससे व्यापारी वर्ग समेत आम जनता दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
विरोध का अनोखा तरीका—काला वस्त्र और सद्बुद्धि यज्ञ
काला दिवस मनाते हुए जमीन कारोबारियों ने काले रंग की शर्ट पहनकर विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शन स्थल पर सद्बुद्धि यज्ञ किया गया। कारोबारियों का कहना है कि यह यज्ञ सरकार को “सही निर्णय लेने की सद्बुद्धि” देने के लिए किया गया है।
