IndiGo Crisis: ऑन-टाइम परफॉर्मेंस 8% पर पहुंचा, 600 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द, हजारों यात्री परेशान
indigo crisis
IndiGo Crisis: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo इन दिनों भारी ऑपरेशनल संकट से गुजर रही है। गुरुवार और शुक्रवार को हालात इतने बिगड़ गए कि कंपनी का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस सिर्फ 8% पर आ गया। सामान्य दिनों में 2200 फ्लाइट्स समय पर उड़ान भरने का दावा किया जाता है, लेकिन गुरुवार को सिर्फ 176 उड़ानें ही समय पर रवाना हो सकीं। बाकी लगभग 2000 उड़ानें देरी, रद्दीकरण या अन्य बाधाओं से प्रभावित रहीं।
चेन्नई और दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़े रद्दीकरण
IndiGo ने चेन्नई एयरपोर्ट से शुक्रवार शाम 6 बजे तक लगभग सभी डिपार्चर फ्लाइट्स रद्द कर दी हैं। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट ने 5 दिसंबर को IndiGo की सभी घरेलू उड़ानें रात 12 बजे तक कैंसिल कर दीं, जिसके चलते यात्रियों में भारी असुविधा हुई।
जम्मू में इंडिगो की सभी उड़ानें बंद
जम्मू एयरपोर्ट पर स्थिति और गंभीर रही। यहां से रोजाना चलने वाली 11 में से एक भी IndiGo फ्लाइट शुक्रवार को संचालित नहीं हुई। न कोई उड़ान आई और न गई।
मुंबई एयरपोर्ट पर अफरातफरी
मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो काउंटर के बाहर 500–600 यात्री फंसे दिखे। लगातार कैंसिलेशन और देरी के कारण यात्रियों में नाराजगी बढ़ी और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। शिकायतें मिलने पर CISF के जवान तैनात करने पड़े। कई यात्रियों ने आरोप लगाया कि IndiGo के क्रू मेंबर्स का व्यवहार सहयोगी नहीं रहा।
Akasa Air की सेवाएँ भी प्रभावित
इसी बीच Akasa Air ने भी अपनी वेबसाइट और ऐप में तकनीकी गड़बड़ी की पुष्टि की है। इससे टिकट बुकिंग, वेब चेक-इन और बुकिंग मैनेजमेंट जैसी सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हुईं। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट समय से पहले पहुँचें।
कहां-कहां रद्द हुईं उड़ानें?
5 दिसंबर को देशभर में IndiGo की उड़ानों में अभूतपूर्व अव्यवस्था देखने को मिली।
मुख्य रद्दीकरण (5 दिसंबर 2025):
दिल्ली: 225
हैदराबाद: 92
बेंगलुरु: 102
मुंबई: 104
चेन्नई: 31
पुणे: 22
श्रीनगर: 10
कुल मिलाकर रद्द उड़ानों की संख्या 600 के करीब पहुंच गई। हैदराबाद में 49 प्रस्थान और 43 आगमन रद्द किए गए। दिल्ली में सुबह से ही 135 डिपार्चर और 90 अराइवल उड़ानें कैंसिल हो चुकी थीं। बेंगलुरु में 52 आगमन और 50 प्रस्थान रद्द किए गए। एयरपोर्ट अथॉरिटीज़ ने यात्रियों को सलाह दी है कि एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट स्टेटस अवश्य जांच लें।
दो दिनों में 900 से ज्यादा उड़ानें रद्द
गुरुवार और शुक्रवार को मिलाकर 900 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं। एयरलाइन अब यात्रियों को एयरपोर्ट पहुँचने से पहले ही कैंसिलेशन अलर्ट भेजने का प्रयास कर रही है।
कोलकाता एयरपोर्ट की स्थिति
3 से 5 दिसंबर के बीच:
कुल 468 निर्धारित IndiGo उड़ानों में से 92 रद्द
320 उड़ानें देरी से संचालित
सिर्फ 5 दिसंबर की सुबह 9 बजे तक:
8 आगमन और 18 प्रस्थान उड़ानें रद्द
13 आगमन और 13 प्रस्थान उड़ानों में देरी
यह आंकड़े बताते हैं कि IndiGo का ऑपरेशनल संकट अब राष्ट्रीय स्तर पर गंभीर होता जा रहा है।
read more: रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, इंडिगो फ्लाइट्स घंटों लेट
