चाय बोलो—चाय : पीएम मोदी को ‘चाय बेचते’ AI-जनरेटेड वीडियो वायरल, BJP ने बोला कांग्रेस पर हमला
पीएम मोदी को ‘चाय बेचते’ AI-जनरेटेड वीडियो वायरल
एक AI से बनाए गए वायरल वीडियो ने कांग्रेस और भाजपा के बीच नया राजनीतिक टकराव खड़ा कर दिया है। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रेड कारपेट वाले किसी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में चाय बेचते हुए दिखाया गया है। कांग्रेस नेता रागिनी नायक ने इसे एक्स पर शेयर करते हुए लिखा—“अब ये किसने किया?” वीडियो सामने आते ही बीजेपी ने इसे प्रधानमंत्री का अपमान करार दिया और कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा।
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल वीडियो में पीएम मोदी हल्के नीले कोट और काले पैंट में दिखाई देते हैं। उनके हाथ में एक केतली और चाय के गिलास नजर आते हैं। पृष्ठभूमि में तिरंगा और कई देशों के झंडे लगे हैं। वीडियो को AI जनरेटेड बताया जा रहा है, लेकिन इसे लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने रागिनी नायक को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस बार-बार प्रधानमंत्री के ‘चायवाला’ बैकग्राउंड का मजाक उड़ाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री को 150 से ज्यादा बार अपमानित कर चुकी है और उनकी मां को भी निशाना बनाया गया है। पूनावाला ने कहा—“कांग्रेस एक मेहनती, ओबीसी समुदाय से आए प्रधानमंत्री को स्वीकार ही नहीं कर पा रही।”
पहले भी उठ चुका है ‘चायवाला’ विवाद
यह मुद्दा नया नहीं है। 2014 में कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने बयान दिया था कि मोदी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते और चाहें तो कांग्रेस अधिवेशन में चाय बेच सकते हैं। यह टिप्पणी उस समय बड़े राजनीतिक विवाद में बदल गई थी और भाजपा ने इसे चुनावी हथियार बनाते हुए ‘चाय पे चर्चा’ अभियान शुरू किया था।
2017 में युवा कांग्रेस ने एक मीम पोस्ट किया था जिसमें प्रधानमंत्री मोदी का मजाक उड़ाया गया था, बाद में पार्टी को वह पोस्ट हटानी पड़ी। अब AI वीडियो के बहाने यह विवाद एक बार फिर सियासत में गर्मी ला रहा है।
