Karnataka Congress Rift Ends: कर्नाटक कांग्रेस में सियासी खींचतान खत्म: ब्रेकफास्ट मीटिंग, मंदिर दर्शन और 2028 की डील क्या है?

Karnataka Congress Rift Ends: कर्नाटक कांग्रेस में मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के बीच चल रही कई दिनों की सियासी खींचतान अब थम गई है। दोनों नेताओं के बीच मौजूद मतभेदों का समाधान हो गया है, जिसके बाद शिवकुमार अपनी पत्नी के साथ मंदिर में दर्शन के लिए भी पहुंचे। वहां उन्होंने अपनी 2019 की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए भावुक पल साझा किए।

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 2028 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में डीके शिवकुमार को कांग्रेस का सीएम चेहरा घोषित करने पर सहमति बनी है और सिद्दरमैया ने उन्हें पूरा समर्थन देने का भरोसा दिया है।

ब्रेकफास्ट मीटिंग ने कैसे बदली तस्वीर?

कई दिनों से जारी तनाव के बीच बीते दिन सिद्दरमैया और शिवकुमार ने साथ में नाश्ता किया। इस ब्रेकफास्ट मीटिंग के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।

हालांकि राजनीतिक गलियारों में सवाल उठता रहा कि आखिर उस सुबह की बातचीत में ऐसा क्या हुआ कि महीनों पुरानी तकरार अचानक खत्म हो गई?

मंदिर में क्या बोले डीके शिवकुमार?

तनाव खत्म होने के बाद डीके शिवकुमार पत्नी उषा शिवकुमार के साथ मांड्या स्थित भूवराहा स्वामी मंदिर पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी 2019 की तिहाड़ जेल वाली गिरफ्तारी को याद करते हुए कहा: “जब मैं तिहाड़ में था, मेरे सास-ससुर चार बार इस मंदिर में आए थे।” दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि मंदिर आने पर उन्हें हमेशा एक ‘अद्भुत चमक’ का अनुभव होता है। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर में मौजूद पुजारी और श्रद्धालु उन्हें बेहद प्यार और सम्मान के साथ देखते हैं।

ब्रेकफास्ट पर क्या हुई बातचीत?

मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि नाश्ते के दौरान शिवकुमार ने सिद्दरमैया को मई 2023 की उस कथित सहमति की याद दिलाई, जिसमें ढाई-ढाई साल सीएम पद साझा करने की बात कही गई थी।

हालांकि सिद्दरमैया ने ऐसे किसी समझौते से इनकार किया।

लेकिन बातचीत इसी पर खत्म नहीं हुई— सिद्दरमैया ने भरोसा दिलाया कि 2028 के विधानसभा चुनाव में डीके शिवकुमार को ही कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा बनाया जाएगा, और वे स्वयं भी उनका समर्थन करेंगे। इसी समझौते के बाद दोनों नेताओं ने खींचतान खत्म करने का फैसला किया।

Youthwings